सलखन (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी में बुधवार की देर शाम गुरमा मोड़ पर पुलिस ने राबटर्सगंज निवासी एक युवक को चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक चोरी का कारतूस बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर अगोरी रेलवे स्टेशन के पास छिपाकर रखी गई चोरी की एक और बाइक बरामद कर ली गई। पूछताछ में उसने कई अहम जानकारियां भी दी।
गुरमा पुलिस बुधवार देर शाम मारकुंडी गुरमा मोड़ पर वाहनों की जांच कर रही थी। उसी दौरान बाइक सवार पकड़ा गया। पूछताछ में उसके पास मिली बाइक चोरी की होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ में उसने एक और चोरी की बाइक अगोरी रेलवे स्टेशन के पास पेड़ के नीचे छिपाकर रखे होने की जानकारी दी, जिसे भी पुलिसकर्मी भेजकर बरामद कर लिया गया। पूछे जाने पर आरोपी ने अपना नाम आशीष सिंह उर्फ मंटू निवासी सब्जी मंडी के सामने बढ़ौली चौराहा, राबटर्सगंज बताया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित आईपीसी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बताते चलें कि राबटर्सगंज क्षेत्र से हाल में कई बाइक उड़ाई जा चुकी है। माना जा रहा है कि इस आरोपी का राबटर्सगंज में हो रही चोरियों से भी तार जुड़े हो सकते हैं। उधर, सीओ केजी सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं। उसके आधार पर आगे जानकारी जुटाई जा रही है।