सोनभद्र। राबटर्सगंज ब्लाक के पसही गांव में सोमवार को कोटे की दुकान आवंटन में कथित गड़बड़ी के मसले को लेकर वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर पौन घंटे तक लगाए गए जाम को लेकर पुलिस ने 83 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मंगलवार को राबटर्सगंज कोतवाली के एसएसआई शमसेर यादव की तहरीर पर दर्ज किए गए मुकदमे में 13 नामजद और 60-70 अज्ञात लोग आरोपी बनाए गए हैं। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश का क्रम भी शुरू कर दिया गया है।
बताते चलें कि पसही गांव में सोमवार को पंचायत भवन पर खुली बैठक में दुकान के चयन की प्रक्रिया अपनाई गई थी। दुकान के लिए गांव के संतोष, गीता देवी पत्नी रामविलास और विजय ने दावेदारी की थी, जिसमें संतोष के पक्ष में सबसे ज्यादा समर्थन की बात सामने आई थी। वहीं दूसरे स्थान पर रही गीता के समर्थक गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर आए थे और वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर जाम लगा दिया था। एसडीएम शादाब असलम और इंस्पेक्टर सीपी पांडेय ने किसी तरह समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया, तब पौन घंटे बाद हाइवे पर आवागमन बहाल हो पाया। पुलिस के मुताबिक जाम के चलते लोगों को हुई परेशानी और अनधिकृत रूप से हाइवे को जाम करने के मामले में 13 के खिलाफ नामजद और 60-70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोषियों की धरपकड़ शुरू की जाएगी।