बीजपुर । बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना व बीजपुर पुनर्वास बस्ती से तीन सोलर सिस्टम को चोरों ने उड़ा दिया। दो दिन में तीन सोलर सिस्टम चोरी होने से हड़कंप मच गया है। चोरी गए सामानों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक एनटीपीसी रिहन्द के सीएसआर ने नेमना गांव को रोशन करने के लिए ग्रामीणों के घर में सोलर सिस्टम लगाया है। इस गांव के केश कुमार विश्वकर्मा और फूलमती श्रीवास्तव के घर में लगा सोलर सिस्टम दो दिन पूर्व चोरों ने उड़ा दिया। इसी तरह बीजपुर पुर्नवास निवासी तुलसी प्रसाद गुप्ता के घर के छत पर लगे सोलर स्टीट लाइट को भी चोर उखाड़ ले गये। इलाके में चोरी की बढ़ती वारदात से लोग सहम गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चोर 50 हजार की लागत से लगे सोलर सिस्टम को ही निशाना बना रहे है । गौरतलब बात यह है कि नेमना गांव में ही अब तक स्कूल और घरों से दर्जन भर सिस्टम चोरी हो चुके है लेकिन एक भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। बीजपुर इंस्पेक्टर एसपी सिंह ने दो दिन में तीन सोलर सिस्टम की चोरी की जानकारी होने से इंकार किया है। कहा कि मेरे संज्ञान में अभी तक नहीं है, फिर भी पता कर कार्रवाई की जाएगी।