अनपरा(सोनभद्र)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के कठदहा चौकी अंतर्गत बरका गांव में सोमवार की रात्रि जादू -टोना के शक में कुल्हाड़ी से वार कर महिला की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सरई थाना निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि मृतका बिट्टी उर्फ दहिया (50)पत्नी बैजनाथ सिंह गोंड कठदहा चौकी बरका गांव की रहने वाली थी। बीते माह उसके देवर बंसलाल सिंह गोंड के पुत्र की किसी बीमारी से मौत हो गई। जिसके बाद से ही उसके दिमाग में यह बात घर कर गई थी कि उसकी मृत्यु बिट्टी उर्फ दहिया के जादू टोना करने से हुई है। सोमवार की रात्रि मौका पाकर देवर बंसीलाल ने घर में ही कुल्हाड़ी से हमला कर भाभी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बंसलाल सिंह पुत्र महिपत सिंह गोड़ ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस आवश्यक कार्यवाही में जुटी है।