रायुपर थाना क्षेत्र के नकटूआ बांध के समीप बुधवार की सुबह पुलिस ने पशु तस्करों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। हालांकि पुलिस को देखते ही तस्कर मवेशियों से भरी पिकअप को छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने सात मवेशियों को मुक्त कराते हुए वाहन को सीज कर दिया। वाहन में ही एक मवेशी की मौत हो चुकी थी।
बुधवार की भोर में मुखबिर के जरिये रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप से मवेशियों को वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस नकटुआ बांध समेत कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग करने लगे। नकटुआ बांध के पास पुलिस को देख पशु तस्कर मवेशियों से भरी पिकअप छोड़ कर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने पीछा किया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाते हुए तस्कर भागने में सफल रहे। रायपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह ने कहा कि गौ तस्कर गाड़ी छोड़ फरार हो गए। वाहन से सात मवेशियों को ले जा रहे थे, जिसमें एक बछड़ा व छह गाय है। पिकअप में ही एक गाय की मौत हो गयी थी। वाहन के चेचिस नंबर से वाहन स्वामी का नाम पता करके विधिक कार्यवाही की जा रही है। कहा कि पशु तस्करों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।