मेढ़ काटने और धान की नर्सरी में पत्थर फेंकने को लेकर विवाद में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने दंपती और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडा भी बरामद किया गया है।
पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। ग्राम सभा जुगैल के टोला बेलगढ़ी निवासी मथुरा और कलावती के बीच खेत की मेढ़ काटने व धान के बीज में पत्थर फेंकने की बात को लेकर सोमवार को मारपीट हो गई थी।
इसमें मथुरा, उसकी मां कैलाशी, पत्नी निर्मला को चोट आई थी। दूसरे पक्ष के कलावती व उसके पुत्र चंद्रमणि जख्मी हुए थे। दोनों पक्षों से केस दर्ज कर मेडिकल के लिए भेजा गया था।
उपचार के दौरान कैलाशी देवी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था। वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाते हुए पुलिस ने बुधवार को बबई, उसकी पत्नी कलावती देवी, पुत्र चंद्रमणि उर्फ धीरेंद्र और विनोद को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त डंडे को बरामद करते हुए आरोपियों का कोर्ट के लिए चालान कर दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।