पौधरोपण महाभियान-2025 के तहत बुधवार को जिले में 1.58 करोड़ पौधे रोपे गए। जिले की आबादी 22 लाख से यह सवा सात गुना ज्यादा है। यूपी में लखीमपुर खीरी के बाद सोनभद्र में सबसे ज्यादा 1.54 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था।
इसके सापेक्ष 102 प्रतिशत पौधे लगाए गए। इसकी जियो टैगिंग कराते हुए संबंधित विभागों को इसके सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के लोढ़ी में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड, विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण किया।
लोढ़ी ग्राम पंचायत के अलावा पुलिस लाइन, थाना-चौकियों, विद्यालय परिसरों और ग्राम पंचायतों में भी अभियान चलाकर जामुन, आम, नीम, पीपल, आंवला, शीशम और अन्य छायादार व औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
अभियान के दौरान जिले में कुल 1 करोड़ 58 लाख 88 हजार 285 पौधे रोपे गए। राज्य मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम लगाकर हम न केवल पर्यावरण की रक्षा करते हैं, बल्कि मातृत्व और मातृभूमि के प्रति अपना सम्मान भी प्रकट करते हैं।
यह अभियान एक भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है, जो हर नागरिक को जोड़ता है। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि पेड़ लगाना केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि उसका संरक्षण करना सबसे अहम है।
ये पौधे ही भविष्य की ऑक्सीजन और जीवनदायिनी छांव हैं। डीएम ने कहा कि पौधों की निगरानी के लिए हरितिमा एप के माध्यम से सभी पौधों की जियो टैगिंग की जाएगी।
सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि पौधरोपण की फोटोग्राफ और वीडियो पोर्टल पर अपलोड करें। यह महाभियान केवल पौधरोपण तक सीमित न होकर एक भावनात्मक, सामाजिक और पर्यावरणीय आंदोलन बन गया है, जिसने सोनभद्र जनपद को हरित क्रांति की दिशा में एक नई पहचान दी है।
-
छात्रों-शिक्षकों ने निभाई अहम भूमिका
बीजपुर। म्योरपुर के जरहा न्याय पंचायत के विद्यालयों में बच्चों और शिक्षकों ने नींबू, अमरूद, शीशम, सागौन जैसे पौधे लगाकर भविष्य को हरियाली का उपहार दिया। शिक्षकों ने बच्चों से अपील की कि वे अपने घरों में भी पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें। संवाद
चोपन में चेयरमैन ने किया पौधरोपण
चोपन नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली ने रेलवे इंटर कॉलेज परिसर में पौधरोपण किया। कहा कि एक पेड़ लगाकर हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण दे सकते हैं। यह सिर्फ सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन है। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. अरविंद सिंह ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया गया है और विद्यार्थी भी इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।