शासन की तरफ से विकास कार्यों की समीक्षा सीएम डैश बोर्ड पर की जा रही है। हर महीने विभागीय कार्यों की समीक्षा के बाद रैंकिंग जारी होती है। जनवरी में जारी हुई रैकिंग में पौधरोपण के बाद जीवित पौधे बचाने में वन विभाग की प्रगति बेहद खराब मिली है।
पौधरोपण हुए, मगर इसके सापेक्ष जीवित पौधों की संख्या काफी कम मिली है। इससे विभाग की रैकिंग खराब हुई है। इसके साथ ही आरईडी एवं पर्यटन विभाग समेत अन्य विभागों की रैंकिंग में भी गिरावट दर्ज हुई है। बीते जनवरी माह में दिसंबर माह की रैंकिंग जारी हुई है।
इसमें सीएम डैश बोर्ड पर वन विभाग को डी ग्रेड रैंक मिली है। बीते दिनों जंगल में किए गए पौधरोपण का स्थलीय निरीक्षण किया था। जिसमें मौके पर पौधरोपण के सापेक्ष कम जीवित पौधे मिले थे।
वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का बैंकों में समय से लोन पास नहीं होने से इसके ग्रेड में सुधार नहीं हुआ है। बीते दो माह से डी ग्रेड रैंकिंग मिल रही है। आरईडी विभाग की सीएम डैश बोर्ड पर रैंकिंग सी ग्रेड मिला है। भवन निर्माण कार्य की प्रगति खराब मिली है।
इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण मॉडल विलेज फेज 2 की प्रगति अच्छी नहीं मिली है। इस पर पंचायती राज विभाग को सीएम डैश बोर्ड पर डी ग्रेड मिला है। रैंकिंग में सुधार नहीं होने पर डीएम की तरफ से विभागीय अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएम डैश बोर्ड पर पर्यटन विभाग समेत दो विभाग को ई ग्रेड
शासन की तरफ से दिसंबर माह की जारी सीएम डैश बोर्ड की रैकिंग में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग और पर्यटन विभाग को ई ग्रेड मिला है। विभागीय सूत्रों की मानें तो पर्यटन विभाग की रैंकिंग कार्यालय के निर्माण कार्य में हो रही देरी व अन्य कार्यों की वजह से ई ग्रेड मिला है। जबकि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की रैंकिंग कुपोषित बच्चों की स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण ई ग्रेड है। सीएम डैश बोर्ड पर खराब रैंकिंग मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।