लोढ़ी जिला संयुक्त चिकित्सालय के सामने प्रदर्शन करते राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। दो माह से बकाया मानदेय भुगतान कराने की मांग को लेकर संविदा कर्मियों ने जिला संयुक्त चिकित्सालय लोढ़ी के मुख्य गेट पर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण चौबे ने बताया कि जिले में कार्य करने वाले समस्त संविदा कर्मचारियों को जनवरी, फरवरी और मार्च का मानदेय नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है। जिले में कार्यरत अधिकांश कर्मचारी बाहर के हैं, जिन्हें तंगहाली में जीवन ज्ञापन करना पड़ रहा है। कहा कि मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को होली पर्व से पूर्व समस्त संविदा कर्मियों को मार्च तक का मानदेय भुगतान करने का निर्देश दिया है लेकिन यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी की तरफ से जनवरी और फरवरी का भी मानदेय भुगतान नहीं किया गया। प्रदर्शन एवं ज्ञापन प्रेषित करने वालों में मुख्य रूप से पुष्पेंद्र शुक्ला, राहुल पांडेय, डॉ. रंजीता, सुनील श्रीवास्तव, स्टॉफ नर्स प्रेमलता सिंह, मनोरमा, शिमला, सुशील द्विवेदी, दिनेश सिंह आदि रहे।