बढ़ती महंगाई को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सदर विधान सभा क्षेत्र के साथ, घोरावल, ओबरा और दुद्धी विधानसभा में 10 किलोमीटर पैदल मार्च कर भाजपा सरकार के नीतियों का विरोध किया। कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पंफलेट बांटा गया। इस दौरान जगह-जगह नुक्कड़ सभा भी की गई।
जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड की अगुवाई में ओबरा विधानसभा के गोठानी से पैदल मार्च निकाला गया जो विभिन्न मार्गों से कई गांव होते हुए बड़गवा तक गया। बरगवा में आयोजित नुक्कड़ सभा में जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई जितनी 70 साल में नहीं बढ़ी, उतनी पिछले सात साल में बढ़ गई। सदर विधानसभा में पैदल यात्रा की शुरुआत विधानसभा प्रभारी फरीद अहमद की अगुवाई में नेवारी से रघुनाथपुर, सिल्थम पटना तक पदयात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाएगा। बिजली बिल हाफ, महिलाओं को बस में फ्री सेवा, छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी देने का प्रतिज्ञा ली है। घोरावल विधानसभा में प्रभारी राजबली पांडेय के अगुवाई में पदयात्रा निकली। दुद्धी में विधानसभा प्रभारी बृजेश तिवारी के अगुवाई में लीलासी से सागोबांध तक कि पदयात्रा निकली। इस दौरान रामशंकर यादव, ओमप्रकाश रावत, तपेश्वर, शीला मरावी गोड, रामकेश पनिका, ललित गोंड, राहुल पांडेय, रमेश देव पांडेय, निगम मिश्रा, बद्री गोंड, संतोष नेताम, बाबूलाल पनिका, संगीता श्रीवास्तव, लल्लू राम पांडेय, कौसलेश पाठक, रामेश्वर यादव, मुश्ताक खां, बेबी सिंह, अमरेश देव पांडेय, विनय शंकर चतुर्वेदी, सरफराज अहमद आदि मौजूद रहे।