तीन दिन पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी गांव में स्थित टोल प्लाजा के समीप एक प्राइवेट बस के कंडक्टर से हजारों रुपये की हुई लूट के मामले में एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। बुधवार को घसिया बस्ती रौंप समेत कई स्थानों पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को लुटेरों के संबंध में अहम जानकारी हाथ लगी है।
छह जून की भोर करीब चार बजे लोढ़ी में स्थित टोल प्लाजा के समीप छत्तीसगढ़ से वाराणसी जा रही प्राइवेट बस रुकी। बस का परिचालक और कुछ यात्री नित्य क्रिया के लिए झाड़ी की तरफ गए। उसी दौरान कुछ युवक परिचालक को उठाकर पहाड़ी की तरफ ले गए और उसके पास से करीब 80 हजार रुपये समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के थाना सरई के हरिहरपुर निवासी सुखनंदन प्रजापति की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ने एएसपी विनोद कुमार और सीओ राजकुमार तिवारी के नेतृत्व में चार टीमें बदमाशों को दबोचने के लिए लगाया है। बुधवार को कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय, एसओजी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी शशिभूषण यादव अलग-अलग बदमाशों को पकड़ने के लिए लोढ़ी, उरमौरा, रौप समेत अन्य गांवों में छापे की कार्यवाही में जुटे रहे। सीओ राजकुमार तिवारी ने बताया कि एसपी ने घटना वाले दिन टोल प्लाजा क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले हेड कांस्टेबल नरेेंद्र प्रसाद और कांस्टेबल अभिषेक को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि लुटेरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही पकड़ कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।