जिले के नगरीय निकायों में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में नागरिकों ने साफ-सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। विभिन्न नगर निकायों से कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर पालिका सोनभद्र में आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष रूबी प्रसाद ने की। इस दौरान अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार भी मौजूद रहे। समाधान दिवस में नगर पालिका परिषद सोनभद्र से एक, नगर पंचायत घोरावल से एक, चुर्क-घुर्मा से दो, चोपन से पांच, ओबरा से चार, रेणुकूट से एक, पिपरी से एक, दुद्धी से दो, डाला बाजार से एक और अनपरा से दो शिकायतें दर्ज की गईं।
जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और मार्ग प्रकाश व्यवस्था से संबंधित रहीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया गया है। अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना नगर निकाय की प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर सभासद अनवर अली, मनोज चौबे सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।