फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोयला तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश: राजस्थान के लिए निकले थे कोयला लदे ट्रक, पकड़ ली चंदासी मंडी की राह

Sat, 10 Sep 2022 06:10 PM IST
उत्पल कांत अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र

सार

पिछले एक सप्ताह में एनसीएल की परियोजनाओं से जुड़े डीजल और कोयले की तस्करी के बड़े खुलासे से ऊर्जांचल में खलबली मच गई है।
विज्ञापन
सोनभद्र पुलिस की गिरफ्त में कोयला तस्कर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के सोनभद्र में तेल के खेल के बाद अब किफायती कोयले की तस्करी का भी पर्दाफाश हुआ है। एनसीएल की बीना खदान से राजस्थान के चित्तौड़ के लिए निकले तीन कोयला लदे तीन ट्रकों को पुलिस ने पकड़ा। यह कोयला फर्जी कागजातों के आधार पर चंदौली की चंदासी कोल मंडी ले जाया जा रहा था। तस्करी के इस गिरोह में पुलिस ने 13 लोगों को चिह्नित किया है। इसमें तीन चालकों समेत चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

विज्ञापन


पिछले एक सप्ताह में एनसीएल की परियोजनाओं से जुड़े डीजल और कोयले की तस्करी के बड़े खुलासे से ऊर्जांचल में खलबली मच गई है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात चोपन बैरियर पर चेकिंग के दौरान एसओ लक्ष्मण पर्वत को मुखबिर ने कोयला लदे ट्रकों के गुजरने की सूचना दी।

ऐसे पकड़ा गया तस्करी का कोयला
सतर्क हुई पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर डाला की ओर से आ रहे दो ट्रकों को रोका। जांच के दौरान ट्रक में कोयला लदा पाया गया। उनके पास मौजूद कागजात फर्जी निकला। पूछताछ में ट्रक चालक पवन यादव निवासी मधुपुर और परमेश्वर यादव निवासी सलखन ने बताया कि ट्रक पर लदा कोयला लेकर चंदासी मंडी जा रहे हैं।

विज्ञापन

ट्रक नंबर के आधार पर एनसीएल से जानकारी जुटाई गई तो वहां से ट्रकों को हिंदुस्तान जिंक फैक्ट्री भिलवाड़ा चित्तौड़ के लिए रवाना किए जाने की जानकारी दी गई। इन ट्रकों को मप्र के रास्ते जाना था, लेकिन वह उल्टी दिशा में चंदौली की तरफ जा रहे थे।

उधर, सदर कोतवाली पुलिस ने भी चुर्क मोड़ के पास कोयला लदे एक ट्रक को पकड़ा। उस पर भी चित्तौड़ के लिए कोयला लदा था, लेकिन उसे मंडी ले जाया जा रहा था। ट्रक चालक राजनारायण यादव निवासी तीनताली ने इसकी पुष्टि की। तीनों चालकों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो अनपरा के डिबुलगंज निवासी दिलीप जायसवाल का नाम भी सामने आया। दिलीप ही ट्रकों को फर्जी कागजात तैयार कर उपलब्ध कराता था। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया।

चंदौली से सिंगरौली तक लंबा रैकेट
एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि कोयला तस्करी में अब तक पकड़े गए जालसाजों से पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आए हैं। चंदौली से सिंगरौली तक लंबा रैकेट है। इनमें से कुछ लोगों को चिह्नित भी कर लिया गया है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को निर्देशित कर दिया गया है।

कोयले की तस्करी में रसूखदारों की संलिप्तता

सोनभद्र में कोयला तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश - फोटो : अमर उजाला
कोयले की तस्करी का यह खेल लंबे समय से चल रहा है। इसी वर्ष जनवरी में  पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर हुई छापेमारी में जिले के अलग-अलग स्थानों से कोयला लदे 22 ट्रकों को पकड़ा गया था। इन ट्रकों पर तापीय परियोजनाओं के लिए आवंटित किफायती कोयला लदा था। इनमें से अधिकांश ट्रकों को मप्र के खंडवा स्थित तापीय परियोजनाओं में जाना था, लेकिन उसे भी चंदासी मंडी ले जाया जा रहा था।

भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामदगी के बाद कुछ दिनों तक मामला ठंडा रहा, मगर प्रभावशाली लोगों के हस्तक्षेप से मामला मैनेज होते ही फिर से यह खेल शुरू हो गया। कोयले की तस्करी में रसूखदारों की संलिप्तता का हाल यह है कि पिछले माह ही कृष्णशिला रेलवे साइडिंग पर करीब 10 लाख एमटी कोयला अवैध रूप से भंडारित पाया गया था। प्रशासन की ओर से इसे जब्त किए जाने के बाद भी तस्करों के हौसले नहीं टूटे हैं।

खदान के पास ही तैयार होता था फर्जी कागजात

कोयला तस्करी का यह खेल खदान के मुहाने पर ही खेला जा रहा था। इस मामले में एसपी ने बीना परियोजना के जीएम से बात की तो बताया गया कि खदान क्षेत्र के आसपास कोई कोल डिपो स्थापित नहीं हो सकता। बावजूद महज चंद मीटर की दूरी पर अनपरा में फर्जी कोल डिपो संचालित था। खदान से निकलने वाली ट्रकों को अनपरा में फर्जी कागजात मुहैया कराया जाता है।

सिंगरौली निवासी बबलू वाट्सएप के जरिए ट्रकों का नंबर भेजता था, जिसके आधार पर दिलीप कागज तैयार कर ट्रक चालकों को थमा देता था। एसपी ने बताया कि जिले में अवैध रूप से चल रहे कोल डिपो और कोयला डंपिंग के बारे में जिला प्रशासन और खान विभाग को पत्र लिखा गया है। संयुक्त जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

इनके खिलाफ भी दर्ज हुआ मुकदमा 

कोयला तस्करी के मामले में पुलिस ने चोपन और सदर कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। चोपन थाने में दोनों चालकों के अलावा फर्जी अभिलेख उपलब्ध कराने वाले दिलीप जायसवाल, वाराणसी के पहड़िया रोड निवासी विजेंद्र जायसवाल, सिंगरौली के मोरवा बड़ी मंदिर निवासी बृजेश कुमार जायसवाल, बबलू सिंह, चंदौली निवासी धर्मेंद्र यादव शामिल हैं।

वहीं राबर्ट्सगंज कोतवाली में चालक राजनारायण यादव के अलावा ट्रक मालिक औड़ी मोड़ अनपरा निवासी उर्मिला पांडेय, मिर्जापुर के अदलहाट निवासी कमलेश यादव, सप्लायर अनपरा निवासी धर्मेंद्र यादव, खरीदार मेसस सुभाष इंटर प्राइजेज अनपरा, मेसस सिंह इंटर प्राइजेज चंदासी कोल मंडी चंदौली के विरुद्ध के मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने कई अन्य लोगों को भी चिह्नित किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें