सीएमओ डॉ. रमेश सिंह ठाकुर ने मंगलवार को केकराही पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। साफ-सफाई से लेकर दवा-उपचार की व्यवस्थाओं का हाल जाना। उन्होंने करमा में नवनिर्मित भवन शीघ्र ही हैंडओवर किए जाने की जानकारी दी।
अचानक पीएचसी पहुंचे सीएमओ ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था देखी। प्रसव कक्ष, औषधि वितरण कक्ष, भंडारण कक्ष, ओपीडी आदि का निरीक्षण किया। अस्पताल में मौजूद मरीजों से दवा-उपचार के बारे में जानकारी ली। ज्यादातर लोगों ने व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने बताया कि केकराही में नवीन भवन की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। करमा में अस्पताल के नए भवन को हैंडओवर लेने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही नया भवन विभाग को मिल जाएगा। इससे मरीजों को दवा-उपचार में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने अस्पताल में गड़बड़ी की शिकायतों से जुड़े साक्ष्य प्रस्तुत करने पर कार्रवाई की बात कही। इस मौके पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके चतुर्वेदी, डॉ. एके सिंह, डॉ. राकेश सिंह मौर्य, फार्मासिस्ट आदि मौजूद रहे।