सोनभद्र/रामगढ़। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना के तहत पेयजल योजनाओं का शिलान्यास 22 नवंबर को होना है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर प्रशासन ने चतरा ब्लॉक के करमांव ग्राम पंचायत में धंधरौल बांध के पास तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी एस राजलिंगम और पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को धंधरौल बांध के पास कार्यक्रम स्थल के पास बन रहे हेलीपैड, मंच और सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया।
डीएम के निर्देश पर धंधरौल बांध के बगल में स्थित जमीन के समतलीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया। यहां जेसीबी के साथ ही ट्रैक्टर आदि लगाए गए हैं। मौके पर हेलीपैड, मंच और सड़क आदि बनाने का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। कोविड 19 की गाइड लाइन को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री यहां जिले में प्रस्तावित 3212.18 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 पेयजल परियोजनाओं के निर्माण कार्य के लिए शिलान्यास करेंगे। साथ ही स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से भी बात भी कर सकते हैं। इसको ध्यान में रखकर डीएम ने मौके पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से भी बात की। डीएम ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत निगम, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ ही अन्य अधिकारियों को विभागीय स्तर पर कार्य कराने का निर्देश दिया। लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जिले को कुछ नया तोहफा भी दे सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सोनभद्र में पेयजल की परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद के लिए 14 गांवों में व्यवस्था की जा रही है। इन गांवों में शामिल पटवध, केवधा, हर्रा, गुरमुरा, पनारी, अमवार, तेंदुआही, नगवां, बेलाही, बेलवाडीह, परासी, झीलो, बीजपुर में तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा भी रहे।
घोरावल तहसील में भी बन रहा हेलीपैड
घोरावल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 22 नवंबर को यहां सीएम गो शाला का शिलान्यास कर सकते हैं। हालांकि घोरावल तहसील क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आने की कोई अधिकारिक सूचना नहीं है। प्राथमिक विद्यालय केवली में हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा। मिर्जापुर के अधीक्षण अभियंता अनिल मिश्रा बृहस्पतिवार शाम को केवली पहुंचे और हेलीपैड निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके पूर्व बुधवार रात जिलाधिकारी एस. राजलिंगम प्राथमिक विद्यालय केवली पहुंचे और हेलीपैड निर्माण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उधर, एसडीएम जैनेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद्र राय हेलीपैड निर्माण कार्य कराने के लिए देर रात तक डटे रहे।