कोतवाली क्षेत्र के बघाड़ू गांव में रविवार को तहसील दिवस में पड़े एक प्रार्थना पत्र का निस्तारण करने के लिए टीम के साथ कानूनगो पहुंचे। भूमि की पैमाइश करते समय आवेदक के पुत्र व भतीजों ने एक राय होकर राजस्व टीम के कार्य में बाधा पहुंचाते हुए सरकारी कागजात फाड़ दिए। कानूनगो की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं मेें मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि म्योरपुर के कानूनगो रमेश चंद्र वर्तमान में दुद्धी का भी प्रभार देख रहे हैं। कानूनगो ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शनिवार दोपहर 2:20 पर तहसील दिवस में पड़े बघाडृू निवासी बशीर के आवेदन पर भूमि की पैमाइश करने पहुंचे थे। पैमाइश शुरू होते ही आवेदक का पुत्र कमाल और भतीजे इकबाल व जमाल एक राय होकर आए और कानूनगो और लेखपाल सूदन के साथ जमीन नापने से मना करते हुए धक्का मुक्की करने लगे। जान से मारने की धमकी देते हुए तहसील दिवस पर दिया गया शिकायती पत्र फाड़ दिया। कोतवाल ने बताया कि कानूनगो की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उधर तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि धारा 67 के तहत भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।