सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के कठपुरवा गांव निवासी एवं केंद्रीय सुरक्षा बल में तैनात एक कांस्टेबल के जमीन पर कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया है। सुरक्षा कर्मी के परिवार को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।
पुलिस उप महानिरीक्षक ग्रुप केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल चंदौली राकेश कुमार ने सोनभद्र के डीएम को सुरक्षाकर्मी की भूमि पर कब्जा करने से रोकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है। पुलिस उप महानिरीक्षक ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि 237 बटालियन 17 केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कठपुरवा गांव निवासी बासुदेव सिंह जीडी के पद तैनात हैं। उनके द्वारा 237 बटालियन में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया गया है कि उन्होंने अपने गांव में ही करीब तीन विस्वा जमीन अपनी माता रामवंती देवी के नाम रजिस्ट्री कराया है। विक्रेता के दो भाई उस जमीन में से आठ फिट का रास्ता देने हेतु बोल रहे है एवं उक्त जमीन को कब्जा नहीं करने दे रहे है।
उक्त जमीनी विवाद के कारण 21 अगस्त 2021 को कार्मिक के परिवार के साथ झगड़ाकर पूरे परिवार को जख्मी कर दिया गया है। साथ ही कार्मिक के परिवार के सदस्यों को जान से मारने व मुकदमे में फसाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने डीएम से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए की गई कार्रवाई से अवगत कराने की बात लिखी है।