जेपी इंडस्ट्रीयल की ओर से चुर्क, डाला और गुर्मा में संचालित जय ज्योति इंटरमीडिएट कालेजों में फीस कम करने की मांग को लेकर शुक्रवार को चुर्क के व्यापारियों ने दुकानों को बंद रखा।
उद्योग व्यापार मंडल व्यापार मंडल की अगुवाई में व्यापारियों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद मांगों के समर्थन में कालेज के प्रवेश द्वार पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया।
सदर एसडीएम राजेंद्र तिवारी और सीओ सच्चिदानंद ने अनशनकारियों को समझाया, लेकिन वे मांगों पर अड़े हुए हैं।
इस मौके पर हुई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि
जय ज्योति इंटरमीडिएट कालेज चुर्क, गुर्मा और डाला में बढ़ी हुई फीस कम कर नगर पंचायत चुर्क, गुर्मा द्वारा बनाई गई दुकानों को दुकानदारों को आवंटित किया जाए।
कहा कि पावर प्लांट से प्रदूषण (कोयले की राख) एवं ध्वनि प्रदूषण से मुक्ति दिलाने की व्यवस्था हो। पावर प्लांट में 60 प्रतिशत स्थानीय कामगारों को नौकरी मिले।
कंपनी से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी, स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था करने के साथ ही नगर पंचायत की भूमि पर किए गए अवैध कब्जा को हटाया जाए।
कहा कि कंपनी जनहित की मांगों को दूर करने में आनाकानी कर रही है। इसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उधर, जेपी इंडस्ट्रीयल के पीआरओ एनके वोहरा का कहना है कि अनशनकारियों को 27 अप्रैल को कलेक्ट्रेेट में आयोजित मीटिंग में भाग लेने की बात कहीं गई है।
उक्त बैठक में फीस के सिलसिले में निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर राकेश खत्री, गौरीशंकर गुप्ता, ओमप्रकाश यादव, गुल्लू, पवन गर्ग, निर्मला सिंह, सूरज यादव मौजूद रहे।