अनपरा। एनसीएल की बीना व कृष्णशिला परियोजनाओं में बच्चों के खेलकूद के लिए चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण कराने के लिए राज्य सभा सांसद रामसकल ने एनसीएल के सीएमडी को पत्र लिखा है।
राज्यसभा सांसद ने एनसीएल सिंगरौली के सीएमडी को भेजे पत्र में बीना कालोनी में चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण को जरूरी बताया है। सामाजिक कार्यकर्ता एसके गौतम ने इस संबंध में लिखे गये पत्र की संस्तुति करते हुए कहा कि उनका मानना है कि परियोजनाओं में चिल्ड्रन पार्को की जगह कॉलोनियों का निर्माण कर दिया गया है। जो बाल संरक्षण अधिकार अधिनियम व स्वीकृत परियोजना प्रतिवेदन रिपोर्ट का उल्लंघन है। इसके अतिरिक्त सांसद ने पत्र में लिखा है कि बीना परियोजना मंदिर स्थित तालाब में भी कुण्ड व सीढ़ियों का निर्माण कर उसका सौंदर्यीकरण किया जाए। तालाब के बीचो बीच रंगीन फव्वारे, चारो तरफ रोशनी सहित गोशाला के बाउंड्रीवाल व उसकी पुरानी जीर्णशीर्ण सीजीआई शीटों को बदलकर नई शीटें लगाई जाए। फोरलेन के किनारे परियोजना की भूमि पर पौधे रोपित कर हरित पट्टी विकसित की जाए। जिससे लोगों को प्रदूषण से राहत मिल सके।