सोनभद्र। जिले में 3212.18 करोड़ रुपये की लागत की 14 समूह ग्राम पाइप पेयजल परियोजनाओं का करमांव के धंधरौल में वर्चुअल शिलान्यास रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर शिलान्यास किया था लेकिन सोमवार को किसी भी परियोजना पर कार्य शुरू नहीं हो सका। निर्माण से जुड़े समन्वयकों की मानें तो अभी निर्माण स्थल पर मृदा धारक क्षमता (स्वायल टेस्ट) होना बाकी है। कुछ परियोजनाओं का अभी सिर्फ टेंडर हुआ है, एग्रीमेंट होना शेष रह गया है। ऐसे में नवंबर तक किसी भी परियोजना पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सकेगा।
जिले में 14 पेयजल परियोजनाओं का निर्माण कार्य होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परियोजनाओं का रविवार को वर्चुअल शुभारंभ किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चतरा ब्लॉक के करमांव गांव में भूमि पूजन भी कर दिया लेकिन अब तक किसी भी परियोजना का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। परासी, बेलवादह परियोजना से जुड़े समन्वयक ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। अभी डिजाइन हो रहा है। स्ट्रक्चर बन रहा है। स्वायल टेस्ट (मृदा धारक क्षमता की जांच) की रिपोर्ट नहीं आई है। इसलिए काम शुरू नहीं शुरू हो सका है। टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद फाउंडेशन का कार्य शुरू होगा।
बभनी: बीजपुर, झीलो पाइप पेयजल योजना से बभनी, म्योरपुर और दुद्धी विकास खंड के 169 गांवों में पानी सप्लाई किया जाना है। झीलो ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का शिलान्यास दुद्धी विधायक हरीराम चेरो ने किया था। हालांकि अभी परियोजना का काम शुरू नहीं हो सका है। पेयजल परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर गोपाल रेड्डी ने बताया कि अभी कहीं भी कार्य शुरू नहीं कराया जा सका है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह से सभी स्थानों पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी निर्माण कार्य के लिए सामान नहीं आ पाया है जिसके वजह से कार्य शुरू नहीं कराया जा सका। दिसंबर के प्रथम सप्ताह में झीलो, बीजपुर, बखरिहवां, करमघट्टी, चपकी, बभनी, जौराही, घघरी, कोंगा, देवरी, आजनगीरा, खैराही, नवाटोला, कटौली सहित सभी स्थानों पर काम शुरू करा दिया जाएगा। रेड्डी ने बताया कि बीजपुर पेयजल परियोजना से तीन गांवों में तथा झीलो ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजना से 166 गांव लाभान्वित होंगे।
दुद्धी: अमवार में पेयजल परियोजना का निर्माण कार्य दिसंबर माह से शुरू होने की संभावना है। बीडीओ रमाकांत सिंह ने बताया कि एलएनटी कंपनी को परियोजना के निर्माण का ठेका शासन से मिला है। दिसंबर से कार्य शुरू होने की संभावना है। इसी तरह गुरमुरा पाइप लाइन पेयजल परियोजना के लिए अभी टेंडर हुआ है। अभी एग्रीमेंट बना नहीं है। उसके बाद ही निर्माण शुरू हो सकेगा। कमोवेश यही हाल पनारी, बेलहत्थी, पटवध समेत अन्य पेयजल परियोजनाओं का भी हाल है। बेलहत्थी में दो तीन दिन में सर्वे टीम आएगी और सर्वे करेगी कि कहां-कहां क्या-क्या निर्माण होना है।