दुद्धी। जिले के ग्रीन जोन होने के बाद लॉक डाउन में मिली छूट के बाद सीमेंट, सरिया की दुकानें तो खुल गई हैं, लेकिन दुकानदार मनमाने और ऊंचे दामों पर सामानों की बिक्री कर रहे हैं। सीमेंट के दाम में 20 रुपये से लेकर 70 रुपये तक की वृद्धि तथा सरिया के दामों में भी 300 से 400 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की गई है। लोहे और सीमेंट सरिया से जुड़े सामानों की भी मनमानी बिक्री दुकानदार कर रहे हैं जिससे लोगों में असंतोष है।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत बनने वाले तमाम आवास निर्माण कार्य बंद पड़े हुए थे। लॉकडाउन में राहत मिलने के बाद धीरे-धीरे निर्माण कार्य की गति बढ़ रही है और सामानों की कीमतों में भी बेतहाशा वृद्धि देखा जा रहा है। वाराणसी व अन्य जनपदों से ट्रांसपोर्टिंग से सामान न आने से दुकानदार रखे हुए सामान के दामों को मनमाने दामों पर बेच रहे हैं। भवन निर्माण करने वाले सामानों को ऊचे दाम पर खरीदने के लिए मजबूर हो रहे हैं। लोगों ने डीएम से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।