अनपरा। मेघालय की राजधानी शिलांग में हुए करोड़ों रूपये केफर्जीवाड़े के मामले में सीबीआई की गिरफ्त में आये अनपरा थाना क्षेत्र के बजरंग नगर निवासी युवक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। फर्जी बिलो के सहारे करोड़ों रूपये के फर्जीवाड़े की बात सामने आयी है। शिलांग के एक कालेज के प्राचार्य के साथ मिलकर करोड़ों रूपये की धोखाधड़ी के मामले में नोटिस के बाद भी पेश नहीं होने पर वांछित आरोपी बजरंग निवासी रंजीत गुप्ता को सीबीआई ने बृहस्पतिवार को उसके घर पर छापामारी कर गिरफ्तार करते हुए सोनभद्र न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर शिलांग ले गयी है।
रंजीत गुप्ता अपने फर्म का प्रयोग सरकारी कामों में कर रहा था। शिलांग में हुए घोटाले में भी रंजीत गुप्ता का फर्म प्रयोग हुआ है, जिसमें फर्जी बिलों के सहारे करोड़ों का लेनदेन हुआ है। शिलांग से आये सीबीआई के उप निरीक्षक शिव कुमार सिंह ने बताया कि शिलांग में पकड़े गये आरोपियों व जांच के क्रम में पाया गया कि फर्जीवाड़े में जो फर्म बार-बार प्रयोग हो रही थी, वह रंजीत गुप्ता की थी। रंजीत गुप्ता के खाते में करोड़ों रूपये के लेने देन हुए है। इस फर्जीवाड़े में और भी कई फर्मो पर लेनदेन हुआ उसकी भी जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है। जल्द ही उन फर्मों के प्रोपराइटर तक जांच की आंच पहुंचेगी। सूत्रों की मानें तो दो दिनों से अनपरा में डेरा जमाये सीबीआई के अधिकारी रंजीत गुप्ता को पकडने की तैयारी बुधवार को ही किये हुए थे लेकिन रंजीत गुप्ता बुधवार को सीबीआई के हाथ नहीं आया। बुधवार को आरोपी अपने जन्मदिन की पार्टी में मशगूल रहा। बृहस्पतिवार को सुबह-सुबह ही सीबीआई ने घर में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।