ओबरा। बालू मोरम खनन पट्टाधारक की फर्म में कार्यरत कैशियर पर 90 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी कैशियर, उसकी पत्नी और पिता पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
रेवा शुगर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के मालिक ओबरा निवासी रवि राय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मप्र के पिपरिया होशंगाबाद निवासी कपिल मेहरा उनकी फर्म में कैशियर के पद पर कार्यरत था। कपिल के पास कंपनी की रोजाना आमदनी की धनराशि रहा करती थी। उसे बैंक में जमा करने के बहाने फर्जी स्लिप और कूटरचित दस्तावेज का प्रयोग कर अलग-अलग दिनों में तीन बार में करीब 90 लाख रुपये गबन कर दिया। गत 25 दिसंबर की रात करीब 9 बजे घर पर आकस्मिक घटना होने का बहाना बनाकर कपिल फरार हो गया। जब दो-तीन दिनों बाद कपिल से फोन पर संपर्क साधना चाहा तो उसका मोबाइल बंद मिला।
शक होने पर जब कंपनी के अभिलेखों की जांच की गई तो पता चला कि कपिल ने बैंक में पैसे जमा करने के नाम पर बीते 30 नवंबर को 30 लाख, एक दिसंबर को 32 लाख और 2 दिसंबर को 28 लाख रुपये मिलाकर कुल 90 लाख रुपये का गबन कर लिया है। जब पीड़ित ने उसके घर वालों से संपर्क साधना चाहा तो आरोपी की पत्नी स्वाति मेहरा और पिता राजकुमार मेहरा से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि अलबत्ता राजकुमार मेहरा ने कंपनी के प्रबंधकों को गाली देते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। ओबरा एसओ देवीवर शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।