निर्माणाधीन ओबरा सी परियोजना का निर्माण करा रही दुसान कंपनी से बड़े पैमाने पर सरिया चोरी किए जाने के मामले में रविवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार उक्त मामले में मेसर्स पूजा इंटरप्राइजेज के एचआर दीपक सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ धारा 407 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया है।
बीते शनिवार की दोपहर नीले रंग के एक ट्रैक्टर पर भारी मात्रा में सरिया लाद कर कुछ लोग ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सरिया उतारने को लेकर ट्रैक्टर पर सवार लोगों में वाद-विवाद होने लगा। चोरी की सूचना मिलते ही कंपनी के सुपरवाइजर दिनेश कुमार यादव व अरुण कुमार सिंह और सिक्योरिटी गार्ड अमित सिंह व आर्किटेक्चर मैनेजर मिस्टर लांबा मौके पर पहुंच गए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि ट्रैक्टर पर दो बार में लगभग 60 क्विंटल से ज्यादा आठ एमएम और 10 एमएम की सरिया निकाल कर चोरी की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सरिया लदे ट्रैक्टर को कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक रितेश कुमार निवासी सगमा थाना धुरकी जनपद गढ़वा झारखंड को गिरफ्तार भी कर लिया है। उधर इतने बड़े पैमाने पर ओबरा सी के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सरिया चोरी के मामले में निर्माता कंपनी दुसान के अधिकारियों की चुप्पी तमाम सवाल खड़े कर रही है।