शक्तिनगर। कोयला क्षेत्र में कार्य कर रही आउटसोर्सिंग कंपनी में नौकरी के नाम पर कथित वसूली के मामले में पुलिस ने दो लोगों पर केस दर्ज किया है। कंपनी के नुमाइंदे विवेक मिश्रा व एक अज्ञात व्यक्ति का नाम एफआईआर में शामिल है।
बीते दिनों हेमंत, विवेक व कल्याण की कोयला क्षेत्र में एक वायरल आडियो के बाद चर्चा शुरू हुई। आडियो में आउटसोर्सिंग कंपनी में नौकरी के लिए पैसे की बातचीत का जिक्र था। हालांकि संवाद न्यूज इसकी पुष्टि नहीं करता। इसी वायरल ऑडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है। कोयला क्षेत्र में कई हजार करोड़ के अधिभार हटाव के कार्य में लगी आउटसोर्सिंग कंपनियों में संविदा नौकरी के लिए शुरू से लग रही बोली को बिचौलिए भुना रहे हैं। एनसीएल के दिशा निर्देशों को दरकिनार कर स्थानीय बेरोजगार युवाओं की जगह बाहरी लोगों को पैसा लेकर संविदा कार्य पर रखने का आरोप है। कोयला क्षेत्र में संविदा कर्मियों के लिए कोल इंडिया की हाईपावर कमेटी की संस्तुति मुताबिक उच्च वेतन सहित अन्य सुविधाएं मिलती हैं। यही वजह है कि बेरोजगार किसी तरह इसे हासिल करना चाहते हैं। हालिया मामला एनसीएल खड़िया की आउटसोर्सिंग कंपनी कलिंगा कामर्शियल काॅरपोरेशन से जुड़ा है। कंपनी से जुड़े विवेक मिश्रा व एक अज्ञात के खिलाफ शक्तिनगर के रहवासी कल्याण सिंह की तहरीर पर विश्वासघात व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। कल्याण सिंह का आरोप है कि नौकरी के लिए उनसे दो लाख की मांग की गई। इसके बाद उन्होंने अलग अलग जगह व समय पर संबंधितों को पैसा दिया।