सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी, न्यायालय में गलत रिपोर्ट देने और कार्य में लापरवाही से जुड़े मामले में एआरटीओ कार्यालय के बाबू, एसआई समेत चार पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
न्यायालय को दिए गए प्रार्थना पत्र में बहुअरा निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि 19 मई 2022 को एक पिकअप चालक ने गलत साइड में आकर उसके पिता को टक्कर मार दी थी। घटना में उनकी मौत हो गई। चाचा विजय शंकर ने सदर कोतवाली में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। पिकअप थाने में बंद थी। जिसे रिलीज कराते समय वाहन स्वामी जीरा देवी व कलावती ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया। कोर्ट ने रिपोर्ट मंगाई तो दो बार में अलग-अलग भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। मामले में कोर्ट ने वाहन स्वामी, मुकदमे के विवेचक व एआरटीओ के बाबू की मिलीभगत मानते हुए केस दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने कुसाही निवासी वाहन स्वामी जीरा देवी, कलावती देवी, एआरटीओ कार्यालय लिपिक विनोद सोनकर, तत्कालीन हिंदुआरी चौकी प्रभारी व विवेचक प्रमोद यादव पर धोखाधड़ी और गलत रिपोर्ट देने के आधार पर केस दर्ज किया गया है।