कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दूसरे और अंतिम दिन मंगलवार को राबर्ट्सगंज और नगवां ब्लाक में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म जमा किया।
फार्म जमा करने के लिए प्रत्याशियों की खचाखच भीड़ लगी रही। समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में कई प्रत्याशी नामांकन करने नामांकन स्थल पर पहुंचे। देर रात तक नामांकन फार्म जमा किया गया।
द्वय ब्लाकों पर सुरक्षा के मद्देनजर पीएसी फोर्स तैनात रही। वहीं प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी नामांकन स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रथम चरण में राबर्ट्सगंज और नगवां ब्लाक में 28 नवंबर को ग्राम प्रधान और सदस्य पद के होने वाले चुनाव मेें भाग्य आजमाने वाले प्रत्याशी सुबह सात बजे से ब्लाकों डेरा डालना शुरू कर दिए थे। सुबह दस बजे नामांकन फार्म जमा करने के लिए बने काउंटर के बाहर लंबी लाइन लग गई थी।
राबर्ट्सगंज ब्लाक में खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति की देखरेख में 11 न्याय पंचायतों के लिए अलग-अलग 11 टेबुलों पर 140 प्रधान और 1660 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म जमा किया।
एक टेबुल पर दो कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। एक प्रधान और दूसरे कर्मचारी सदस्य का फार्म जमा कर रहे थे। ग्राम पंचायत लोढ़ी से शमशेर बहादुर सिंह, जय प्रकाश सिंह, अमोखर से कृष्णानंद सिंह, मुठेर से सुनील चौबे समर्थकों के साथ ब्लाक पर पहुंच कर नामांकन किए।
इस मौके पर हिंदुआरी जिला पंचायत सदस्य विनोद मौर्य, पप्पू सिंह, लल्ला सिंह, देवेंद्र सिंह मौजूद रहे। इसी अंदाज में कई अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
सदर ब्लाक के मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात सब इंस्पेक्टर विजय यादव, संजय सिंह, राहुल सिंह प्रत्याशी के साथ सिर्फ प्रस्ताव को ही अंदर जाने दे रहे थे। उधर खलियारी संवाददाता नगवां ब्लाक में खंड विकास अधिकारी सुनील सिंह की देखरेख में प्रधान और सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म जमा किया।
पूरे दिन ब्लाक परिसर में प्रत्याशियों और प्रस्तावकों की भीड़ लगी रही। चार बजे तक 50 से अधिक प्रधान और सैकड़ों सदस्य पद के प्रत्याशी फार्म जमा करने के लिए लाइन में लगे रहे।