सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री ब्रह्मदेव चौधरी इंटर काॅलेज में लड़कियों के बाथरूम के सामने कैमरा पकड़ा गया है। इसकी जानकारी होने पर छात्राओं और अभिभावकों ने हंगामा किया। स्कूल के बगल में रहने वाले एक किशोर ने कैमरा लगाकर वाईफाई के जरिये मोबाइल फोन से कनेक्ट किया था। छात्राओं और अभिभावकाें ने आरोपी की पिटाई की। पुलिस ने आरोपी और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है। उस पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित इंटर कॉलेज में पहली कक्षा से 12वीं तक की पढ़ाई होती है। इसमें करीब दो सौ छात्राएं हैं। शनिवार को छात्राएं स्कूल के शौचालय की ओर गईं तो वहां उन्हें सामने की दीवार पर छोटा कैमरा लगा दिखा। शौचालय की दीवार पड़ोस में ही रहने वाले एक किशोर के घर से सटी है। छात्राओं का आरोप है कि इसी किशोर ने ही शौचालय की दीवार में कैमरा लगा दिया। जब उन्होंने हंगामा किया तो कैमरा हटा दिया गया। इसकी सूचना प्रधानाचार्य और पुलिस को दी गई। छात्राओं का आरोप है कि किशोर ने कैमरे के माध्यम से उनके वीडियो और फोटो लिए हैं। पुलिस के पहुंचने पर उसने डिलिट कर दिया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाल सत्येंद्र राय ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस मामले में एएसपी कालू सिंह ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले किशोर ने कैमरा लगाया था। कैमरे को उसने मोबाइल से कनेक्ट किया था। उसे और उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है। छात्राओं की तहरीर पर केस दर्ज़ कर छानबीन की जा रही है।
-
स्कूल के बगल में रहने वाले किशोर ने शौचालय के सामने दीवार पर कैमरा लगाया था। छात्राओं की शिकायत पर आरोपी से पूछताछ की गई। उसके पास से कैमरा मिला। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। - धनदेव चौधरी, प्रबंधक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री ब्रह्मदेव चौधरी इंटर काॅलेज