शक्तिनगर। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास (मिसरा गांव) शनिवार की आधी रात व्यवसायी पुत्रों ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर बैंक के सहायक प्रबंधक की पिटाई कर दी। प्रबंधक को एनटीपीसी के संजीवनी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो नामजद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खड़िया बाजार के रहवासी विमलेश कांत गुप्ता अनपरा स्थित एक बैंक में सहायक प्रबंधक हैं। शनिवार को कार्य निपटा कर वह बाइक से खड़िया घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिसिरा पेट्रोल टंकी के समीप व्यवसायी पुत्रों ने उन्हें घेर लिया और कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर पिटाई कर दी।पीड़ित के चाचा उमेश गुप्ता ने तहरीर में बताया कि भतीजे विमलेश कांत को रास्ते में नशे में वीरेंद्र शर्मा और सूर्या शर्मा व कुछ अज्ञात लोगों ने पीटा है। विमलेश कांत के सिर, पैर के साथ अंदरूनी चोटें आई हैं। विमलेश कांत ने किसी तरह 112 नंबर और घरवालों को सूचना दी। माैके पर शक्तिनगर पुलिस के साथ बीना पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह पहुंचे। तब तक आरोपी भाग गए थे। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया गया है।