पुलिस ने ठोस कार्रवाईका दिया आश्वासन
मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने पति प्रदीप, सास हीरावती, ससुर अंबिका प्रसाद, देवर विमलेश और देवरानी प्रीति के विरुद्ध पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के आरोप में केस दर्ज किया था। अस्पताल में भर्ती विवाहिता के बयान का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह ससुराल वालों पर आग लगाने की बात कह रही है। उसकी मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
सोमवार को लोढ़ी स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन घोरावल पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतर गए। जिला अस्पताल के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के बीच धरने पर बैठने से हाईवे पर आवागमन अवरुद्ध हो गया। जाम की सूचना पाकर रॉबर्ट्सगंज कोतवाल सत्येंद्र राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
बाद में सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। विवाहिता के घरवालों से वार्ता कर उन्हें आश्वस्त किया कि घटना में पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मामले में अन्य किसी की भी लापरवाही मिली तो उसके विरुद्ध भी समुचित कार्रवाई होगी। आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।