महुली। विंढमगंज के हुमेलदोहर गांव में आयोजित क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को पकरी की टीम को 44 रनों से हराकर बोम की टीम फाइनल में पहुंच गई। बोम की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में दो विकेट खोकर 120 रन बनाए। टीम के कृष्ण कुमार ने सर्वाधिक नाबाद 60 रन बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पकरी की टीम दस ओवर में ही 75 रन बनाकर आल आउट हो गई। मैन आफ दी मैच का पुरस्कार बोम के खिलाड़ी आरिफ को दिया गया। उन्होंने चार विकेट लिया और टीम के लिए 24 रन बनाए। अब बोम की टीम हुमेलदोहर के साथ फाइनल मैच खेलेगी।
उधर, जोरुखाड़ गांव में युवा स्टार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को विंढमगंज ने हरपुरा की टीम को 10 विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। हरपुरा ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 73 रन बनाए। जवाब में उतरी विंढमगंज की टीम ने बगैर कोई विकेट गंवाए छह ओवर में ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह विंढमगंज ने हरपुरा को 10 विकेट से शिकस्त देकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। विंढमगंज के इमरान को मैन ऑफ दी मैच दिया गया। उन्होंने दो विकेट चटकाने के अलावा टीम के लिए 32 रन भी बटोरे। अंपायर की भूमिका अजय कुमार एवं अनुज कुमार ने निभाई।