सीएचसी दुद्धी में संचालित ब्लड बैंक के कर्मचारियाें की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को ब्लड बैंक के कर्मचारियों पर पैसे लेने, खून के लिए साढ़े पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए महिला मरीज के परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार अस्पताल गेट निवासी औरंगजेब की पत्नी नसीमा बेगम (40) की रविवार की सुबह साढ़े दस बजे अचानक से तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टर ने ब्लड जांच कराई। जांच के बाद खून चढ़वाने की सलाह दी गई। जहां सहयोगी जानी मसीह व चालक फैजल अली ने ब्लड बैंक पहुंच रक्तदान करने की पेशकश की। परिजनों का आरोप है कि दोनों के सैंपल लिए गए। बाद में ब्लड मैच नहीं हो रहा है, यह कहकर राबर्ट्सगंज स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में जाने की सलाह दी। इसे लेकर सीएचसी के बाहर मरीज के परिजनों ने शोषण का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. वरुणा निधि भी पहुंच गए। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी पहुंचे एसीएमओ डॉ. आरजी यादव ने ब्लड बैंक प्रभारी को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि ऐसे मामले में लिखित शिकायत जरूरी नहीं है। ब्लड बैंक कर्मियों पर पैनी निगाह रखने के भी निर्देश दिए।
महिला के परिजनों ने एसीएमओ से ब्लड बैंक में 400 रुपये लेने की शिकायत की। जहां एक यूनिट रक्त के बदले किसी व्यक्ति की तरफ से साढ़े पांच हजार रुपये मांग करने का भी आरोप लगाया। मामले में एसीएमओ ने बताया कि चुनाव आचार संहिता हटने के बाद तत्काल एलटी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।