विंढमगंज। थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव में वाहन की टक्कर से व्यापारी की मौत मामले में वाहन स्वामी पर कार्रवाई की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। तहरीर के बाद भी पिकअप स्वामी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस प्रशासन के लिखाफ नारेबाजी किए। थाना प्रभारी ने वाहन स्वामी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खत्म हुआ। इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
विंढमगंज क्षेत्र के हरनाकछार निवासी रामकेश गुप्ता (60) पुत्र लुखुर गुप्ता छोटे पैमाने पर किसानों से फसल खरीदने का कारोबार करते थे। बुधवार को वे अपने गांव में ही दूसरे टोले में धान खरीदने के लिए कुछ किसानों से सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच दोपहर तीन बजे तेज रफ्तार पिकअप ने उनको जोरदार टक्कर मारते हुए एक मकान से टकरा गई।
घटना में रामकेश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई थी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी श्यामबिहारी ने पिकअप समेत चालक को अपने कब्जे में ले लिया। जबकि शव को अंत परीक्षण के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया था। मृतक के पुत्र संजय गुप्ता ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों संग ग्रामीणों ने शव को हरनाकछार ग्राम पंचायत के दशरथ मोड़ तिराहे पर रखकर रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण वाहन स्वामी पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित थे। उनका कहना था कि प्रार्थना पत्र देने के बाद भी एफआईआर में पिकअप पर सवार पल्लेदार लोटन को ही गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वाहन स्वामी चंद्रशेखर यादव का नाम एफआईआर से निकाल दिया गया है। मौके पर थाना प्रभारी दुद्धी नागेंद्र सिंह और विंढमगंज थाना प्रभारी श्याम बिहारी पहुंचे। पुलिस ने वाहन स्वामी पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, इस पर परिजन शांत हुए। इसके बाद शव दाहसंस्कार के लिए ले गए। प्रदर्शन में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी, डोमन गुप्ता, मुन्ना यादव, संजय यादव,उमेश यादव, कैलाश शर्मा आदि रहे।