सिंचाई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से बारिश के दिनों में कई बंधिया टूट गई। चोपन ब्लॉक अंतर्गत बकिया बंधी का सोसवॉल्व से पानी नहीं निकलने की वजह से रविवार की शाम कनवाह ध्वस्त हो गया। सदर एसडीएम के निर्देश के बाद भी सिंचाई विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। अगर समय रहते बंधी को बचाने के लिए कोई ठोस प्रबंध नहीं किया गया तो, कई बंधियों के टूटने का खतरा मंडराने लगा है। बंधियों के टूटने की स्थिति में खेती तो प्रभावित होगी ही कई घर भी बह जाएंगे।
बकिया बंधी में पानी अधिक हो जाने के कारण ग्रामीणों ने सोसवॉल्व खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ऐसे में बंधी का पानी कनवाह के रास्ते निकलने लगा और कनवाह को तोड़ दिया। पिछले सप्ताह सदर एसडीएम कैलाश सिंह ने लेखपाल, पीडब्लूडी एवं सिंचाई विभाग को निर्देश दिया था कि सड़क, पुलिया व बंधी का निरीक्षण कर तत्काल रिपोर्ट दें। बंधी को बचाने और टूटी सड़क की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया था लेकिन किसी विभाग ने दिलचस्पी नही दिखाई।
ग्रामीण अनिल कुमार, शशि जायसवाल, बीरू, रामचंद्र और सुरेंद्र का कहना है कि अगर बंधी टूट गई तो सिंचाई के बगैर फसल बर्बाद हो जाएगी। एक साथ पानी निकलने से घर भी बह जाएंगे।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल सिंह का कहना है कि अवर अभियंता अशोक सिंह को मोबाइल पर सूचना दी गई, बावजूद अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं आया। सदर एसडीएम कैलाश सिंह का कहना है कि अगर लापरवाही से बंधियां टूटी तो संबंधित विभाग के खिलाफ उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।