रॉबर्ट्सगंज में ई रिक्सा से बिजली निगम कार्यालय जाते विधायक भूपेश चौबे। स्रोत स्वयं
सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन बचाने की अपील का असर जिले में दिखने लगा है। शनिवार को रॉबर्ट्सगंज के भाजपा विधायक भूपेश चौबे ई-रिक्शा में सवार होकर बिजली निगम के दफ्तर पहुंचे। निगम के अफसरों से मिलकर आंधी से चरमराई बिजली व्यवस्था की वस्तुस्थिति जानी। उसके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक ने वैश्विक स्तर पर बढ़ते ईंधन संकट और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से ईंधन की बचत करने की अपील की।
विधायक भूपेश चौबे ने बताया कि 13 मई को आए आंधी-तूफान से विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कई बिजली के पोल, खंभे और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसकी समीक्षा के लिए वह विद्युत निगम कार्यालय पहुंचे थे और इस दौरान बैटरी चालित वाहन का उपयोग किया। इस दौरान विधायक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देशहित से जुड़े मुद्दों का मजाक उड़ाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण समय की आवश्यकता है और सभी नागरिकों को इसमें योगदान देना चाहिए।