घोरावल कोतवाली क्षेत्र के दुबखिली गांव में सोतिल-गुरेठ मार्ग पर सोमवार देर रात सड़क पर घूम रहे पशु से बचने की कोशिश में बाइक सवार युवक बिजली के खंभे से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका साला घायल हो गया।
उसे घोरावल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। क्षेत्र के शिल्पी गांव निवासी बबलू (28) पुत्र जोगी मजदूरी का काम करता था। सोमवार देर रात बबलू अपने साले कदरा गोरेडीह गांव निवासी प्रदीप (19) को छोड़ने बाइक से उसके घर जा रहा था।
बाइक बबलू चला रहा था और प्रदीप पीछे बैठा था। सोतिल-गुरेठ मार्ग पर दुबखिली गांव में सड़क पर अचानक एक पशु आ गया। इससे बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बाइक सवार दोनों युवक बिजली के खंभे से टकरा गए।
हादसे में बबलू की मौके पर मौत हो गई, जबकि प्रदीप को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक बबलू को छह और तीन साल की दो पुत्रियां हैं। मृतक के भाई शंभू ने सोमवार देर रात पुलिस घटना की सूचना दी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि पंचनामा कर मंगलवार सुबह मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।