बिडर गांव में मंगलवार को एक अनियंत्रित चेचिस वाहन ने बाइक सवार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
नगवां गांव निवासी भानु प्रताप सिंह (28) पुत्र सीताराम सिंह, हरिकिशुन (30) पुत्र रामवृक्ष, और भीम सिंह (27) पुत्र शिवशंकर एक ही बाइक पर सवार होकर बरात में शामिल होने गए थे। मंगलवार को तीनों बाइक हाथीनाला की तरफ से लौट रहे थे।
बिडर गांव के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित चेचिस वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलता हुआ फरार हो गया।
हादसे की सूचना पर स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हरिकिशुन (30) को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
जिनमें भीम सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है, उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। भानु प्रताप सिंह को भी उपचार के लिए भर्ती किया गया है। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।