वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हाथीनाला तिराहे के समीप शनिवार की भोर में तेज रफ्तार बाइक खड़े हाईवा से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार शनिवार की रात करीब एक बजे मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के दुद्धीचुआ निवासी जयप्रकाश एक्का (45) पुत्र जोहन एक्का घर से अपनी बाइक से राबर्ट्सगंज की तरफ जा रहा था। भोर में करीब साढ़े तीन बजे हाथीनाला तिराहे के समीप बाइक सवार अनियंत्रित होकर पीछे से रोड के किनारे खड़े हाईवा में टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछल कर हाइवा के पहिए पर जाकर गिर गया। हाइवा खराब होकर कई घंटों से खड़ा था। पहिए पर युवक को देखकर अचंभित राहगीरों ने घटना की जानकारी पीआरबी पुलिस व हाथीनाला थाने पर दी। सूचना मिलते ही हाथीनाला पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल जयप्रकाश को चोपन सामुदायिक अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हाथीनाला थाना प्रभारी रविन्द्र प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दोनो वाहनों को कब्जे में लेकर अग कार्यवाही की जा रही है।