फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीच सड़क लगे बिजली के पोल से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत. 18-50-53

विज्ञापन
विज्ञापन
बीच सड़क लगे बिजली के पोल से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत
विज्ञापन

- घोरावल-मधुपुर मार्ग पर पिड़रिया गांव के पास हुआ हादसा
- विंध्याचल से लौट रही मां को घर लाने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
घोरावल। सड़क चौड़ीकरण में लापरवाही का खामियाजा दो दोस्तों को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा। मधुपुर-घोरावल मार्ग पर बीच सड़क लगे विद्युत पोल से टकराकर बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। घटना मंगलवार की देर रात की है। दोनों दोस्त बाइक से घोरावल जा रहे थे। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।
करमा थाना क्षेत्र के तिलौली कला गांव निवासी संजय मौर्य (26) की मां मंगलवार को विंध्याचल धाम गई थीं। देर रात वह बस से लौट रही थीं। मां को घर लाने के लिए संजय अपने दोस्त जयप्रकाश मौर्य (19) को साथ लेकर बाइक से घोरावल के लिए निकला था। मधुपुर-करमा-घोरावल मार्ग पर पिड़रिया गांव के पास बीच सड़क लगे पोल में उनकी बाइक टकरा गई। हेलमेट न लगाने की वजह से दोनों के सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को घोरावल सीएचसी पहुंचाया। उधर, हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्या, छोटू पटेल, तिलौलीकला के ग्राम प्रधान आनंद प्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी पहुंच गए। बता दें कि सड़क के चौड़ीकरण के बाद बिजली के पोल को किनारे शिफ्ट नहीं किया गया है। इस कारण कई पोल बीच में ही रह गए हैं। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर समुचित कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

---
एक माह बाद जहां गूंजनी थी किलकारी, वहां छाया मातम
- आठ माह की गर्भवती थी संजय की पत्नी, पति की मौत से हुई बेसुध
- इकलौते बेटे की मौत से टूटी मां-बाप के बुढ़ापे की लाठी
संवाद न्यूज एजेंसी
घोरावल। पिड़रिया गांव के पास हुए हादसे के बाद का मंजर भयावह था। पति के शव से लिपटकर बिलखती गर्भवती पत्नी की पीड़ा सबके मन को भेद रही थी। महज सवा साल में ही काल के क्रूर पंजे ने संजय की पत्नी के माथे का सिंदूर मिटा दिया। मां-बाप के बुढ़ापे की लाठी छीन ली। महज 20 दिन पहले ही जिस कलाई पर बहन ने राखी बांधी थी, वह बेजान हो चुका थी। परिजनों का करुण क्रंदन देख हर कोई द्रवित था।
तिलौलीकला के ग्राम प्रधान आनंद प्रकाश पटेल ने बताया कि संजय मौर्या अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पिछले साल 15 जून को संजय की शादी घोरावल तहसील क्षेत्र के ही शिवपुर गांव में हुई थी। उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती थी। एक माह बाद ही घर में बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी। पूरा परिवार उत्साहित था। परिवार की मंगलकामना के लिए मां आशा देवी विंध्याचल धाम में गई थीं। साथ में घोरावल के धनावल निवासी बेटी अंजू और दामाद अमरेश भी साथ थे। वहां अंजू की बेटी का मुंडन संस्कार भी था। मांगलिक कार्यक्रम निपटाने के बाद वह घर आ रहे थे। संजय अपनी मां को लेने घोरावल जा रहा था। रास्ते में हादसे ने उसकी जान ले ली। घोरावल सीएचसी में शव के पास पूरा परिवार जुटा था। मां, पत्नी और बहन की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। गर्भवती पत्नी बार-बार आने वाली संतान का हवाला देकर ईश्वर से सवाल पूछ रही थी कि आखिर उन्होंने बच्चे के सिर से पिता का साया क्यों छीन लिया? पिता जीत नारायण मौर्य इकलौते बेटे के गम में बेहाल पड़े थे। पास-पड़ोस के लोग उन्हें ढांढस बंधा रहे थे। सीएचसी के बाहर का भयावह मंजर सबके मन को भेद रहा था। ऐसी ही हालत जयप्रकाश के भी परिवार की थी।
विज्ञापन

---
बिना पोल शिफ्ट किए ही बना दी सड़क, हादसे का जिम्मेदार कौन
घोरावल। पिड़रिया गांव के पास सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत से जहां लोग गमगीन थे, वहीं उनमें गुस्सा भी था। बीच सड़क से पोल हटाए बिना सड़क चौड़ा किए जाने से वह आक्रोशित थे। विभागीय अफसरों को हादसे के लिए जिम्मेदार बता रहे थे। मधुपुर-करमा-घोरावल मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। पिछले करीब आठ महीने से यह कार्य जारी है। सड़क का काम लगभग पूरा हो चुका है। हैरानी की बात है कि सड़क के बीच में लगे पोल को किनारे शिफ्ट किए बिना विभाग ने सड़क का निर्माण करा दिया है। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। जुड़वरिया गांव में कुछ दिन पहले पोल में टकराने से एक वाहन में आग लग गई थी। शुरुआत में ही ऐसे हादसों के बाद भी जिम्मेदारों की निद्रा न टूटने से लोग आक्रोशित हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें