सोनभद्र। लोगों को योग के जरिये स्वस्थ रखने के लिए आयुर्वेद विभाग जिले के छह आयुर्वेदिक अस्पतालों में हेल्थ वेलनेस सेंटर खोलेगा। यहां दवाओं से उपचार के साथ ही योग की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए योग प्रशिक्षक नियुक्त किये जाएंगे। योग प्रशिक्षक के रूप में एक महिला और एक पुरूष की नियुक्ति की जाएगी। यह प्रशिक्षक मरीजों को योग सिखाएंगे।
जिले में योग के जरिये रोगों से निजात दिलाने के लिए आयुर्वेद विभाग ने छह जगहों पर हेल्थ वेलनेस सेंटर खोलने का निर्णय लिया है। इन वेलनेस सेंटर पर योग के जरिये विभिन्न रोगों का उपचार किया जाएगा। इस बाबत क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आयुर्वेदिक अस्पताल सिरसाई, मूडिलाडीह, शाहगंज, लोढ़ी, जरहां और महुली में हेल्थ वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। इन सेंटरों पर एक महिला व एक पुरुष योग प्रशिक्षक की तैनाती की जाएगी। यह प्रशिक्षक लोगों को तरह-तरह के रोग से निवारण के लिए प्राणायाम, अनुलोम विलोम, योगासन समेत कई अन्य तरह के योग कराएंगे। प्रशिक्षक दो तरह के लोगों को योग कराएंगे। एक तो वह व्यक्ति जो सामान्य रूप से स्वस्थ हैं उन्हें अपने स्वास्थ्य को मेंटेन करने के लिए योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरे रोगियों को उनके रोग से निजात दिलाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। उधर योग प्रशिक्षक लोढ़ी आयुर्वेदिक अस्पताल अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि जोड़ों के दर्द के लिए सुक्ष्म व्यायाम, संधि संचालन के अभ्यास, हार्ट के लिए प्राणायाम में अनुलोम विलोम, पेट संबंधी रोगों के लिए कपाल भाति, भस्त्रिका, टेंशन, अवसाद के लिए उद्गीत, ओम का उच्चारण, भ्रामरी, अनुलोम विलोम आदि कराया जाता है। कमर दर्द व सर्वाइकल के लिए मार्जरी आसन, भुजंग आसन, सलभासन आसन किया जाता है।