जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाते सीडीओ रामाश्रय।
- फोटो : sonbhadra
जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा और मिशन इंद्रधनुष फेज चार के चतुर्थ चरण का शुभारंभ मंगलवार से हो गया। सीएमओ कार्यालय में मुख्य विकास अधिकारी रामाश्रय ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली रवाना किया। परिसर में बच्चों को पोलियोरोधी दवा भी पिलाई गई। रैली में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ही सांई नर्सिग कालेज की छात्राओं ने भी हिस्सा लिया।
रैली नगर के विभिन्न मार्गों एवं मलीन बस्तियों से होते हुए वापस सीएमओ कार्यालय में लौटी। सीडीओ ने कहा कि अभियान के दौरान दो वर्ष तक के बच्चों को आठ जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए प्रतिरक्षित किया जाएगा। सीएमओ डा. एसकेजी सिंह ने बताया कि अभियान माह जुलाई में 11 से 21 तारीख तक चलेगा। प्रतिरक्षण की मांग में बढ़ोत्तरी होना ही कार्यक्रम की सफलता है।
कार्यक्रम का इतना प्रचार-प्रसार होना चाहिए कि जनता खुद बूथों पर पहुंचकर अपने बच्चों और गर्भवती महिलाओं का पूर्ण टीकाकरण कराएं। एसीएमओ प्रतिरक्षण डा. बीके अग्रवाल ने बताया कि टीकाकरण के बाद बच्चों को मामूली बुखार आता है इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। बुखार के लिए पैरासिटामॉल की गोली दी जाती है जिसका इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। इस दौरान एसीएमओ डा. डीके सिंह, डीपीएम रिपुंजय श्रीवास्तव, मो. नसीम, संजय कुमार सिंह, आनंद मिश्रा, अरविंद श्रीवास्तव, राकेश कन्नौजिया, टीएसयू प्रतिनिधि मुरारी ने हिस्सा लिया।