यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहीं छात्राएं बुधवार की सुबह हादसे का शिकार हो गईं। मझौली गांव के पास आटो पलटने से उस पर सवार आठ छात्राएं घायल हो गईं।
इसमें से सात को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से विद्यालय परीक्षा के लिए भेज दिया गया जबकि गंभीर रूप से घायल छात्रा माया को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। इससे उसकी परीक्षा छूट गई।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की छात्राओं की बुधवार की सुबह प्रथम पाली में कला विषय की परीक्षा थी। एक आटो दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मझौली और आसपास के गांवाें की छात्राओं को लेकर
राजकीय बालिका इंटर कालेज दुद्धी स्थित परीक्षा केंद्र पर जा रही थी। आटो मझौली से कुछ आगे बढ़ी थी, इसी बीच चालक के मोबाइल पर किसी की काल आ गई। काल रिसीव करने के चक्कर में चालक ने आटो
का स्टेयरिंग पास में ही बैठी एक छात्रा को थमा दिया और खुद मोबाइल पर बात करने लगा। इस दौरान अचानक आटो अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में हाईस्कूल की छात्राएं कविता पुत्री सिद्धी सिंह, माया पुत्री अनिल, राजकुमारी पुत्री श्यामचंद, इंद्रावती पुत्री रामध्यान, गीता पुत्री गोविंद पाल निवासी मझौली, आशू पुत्री रामसुरेश, नीलम पुत्री बिहारी लाल निवासी
झारोकला और कादल गांव की प्रतिमा पुत्री रामदुलारे घायल हो गईं। घटना की जानकारी के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस के साथ ही एंबुलेंस को मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, छात्राओं के परिवार वाले एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सात छात्राओं को एंबुलेंस से परीक्षा केंद्र भेज दिया गया
जबकि गंभीर रूप से घायल माया को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। इससे उसकी परीक्षा छूट गई। बुधवार को हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा का आखिरी दिन था।