शक्तिनगर ज्वालामुखी मंदिर पर दामपत्य सूत्र में बंधने के लिए आगे बढ़ते वर। स्रोत आयोजक
- फोटो : Samvad
शक्तिनगर। मां ज्वालामुखी मंदिर में दिव्य अखंड ज्योति स्थापना के 14वें वार्षिकोत्सव पर बुधवार को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 12 निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरों के साथ जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह में मध्य प्रदेश शासन की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
चितरंगी विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन की राज्य मंत्री राधा सिंह, उत्तर प्रदेश के एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार और सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह समेत कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। शाम छह बजे से शुरू हुए आयोजन में बरातियों का कन्या पक्ष के परिजनों और आयोजन समिति के सदस्यों ने स्वागत किया। इसके बाद द्वारपूजा और वरमाला की रस्म पूरी हुई। मंगलगीतों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की अन्य रस्में संपन्न कराई गईं। मंदिर परिसर में इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट किए और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।