एटीएम पर उपभोक्ताओं की लगी भीड़।
- फोटो : sonbhadra
जिले में करेंसी की खेप पहुंचने के बावजूद रविवार को अधिसंख्य एटीएम के शटर गिरे रहे। रुपये निकालने के लिए लोग इस एटीएम से उस एटीएम भटकते रहे। जिन एटीएम से रुपये निकल रहे थे वहां लोगों को लाइन लगानी पड़ी। रविवार को अवकाश होने की वजह से बैंक बंद रहे। इसलिए लोग एटीएम से रुपये निकालने के लिए परेशान रहे। अलसुबह से ही राबर्ट्सगंज नगर और आसपास स्थित एटीएम पर लोग रुपये निकालने के लिए पहुंचने लगे थे। लेकिन एसबीआई और एफडीएफसी के एटीएम को छोड़ अन्य एटीएम शोपीस मिले। अधिकांश एटीएम के शटर गिरे मिले।
एटीएम से दो हजार रुपये निकालने के लिए कड़ाके की ठंड में घंटों लोगों को लाइन में खड़ा होना पड़ा। यही हाल ओबरा, घोरावल, चोपन, रेणुकूट, दुद्धी, बभनी, अनपरा, शक्तिनगर समेत अन्य कस्बों में लगे एटीएम का रहा। दिन भर इस आस में लोग एटीएमों का चक्कर काटते रहे कि कहीं अब पैैसा एटीएम में भर गया होगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। जबकि जिले में पिछले 24 घंटे के भीतर करीब तीन सौ करोड़ की करेंसी पहुंच चुकी है।
लीड बैंक के मैनेजर करूणेश कुलश्रेष्ठ ने बताया कि जिले में पर्याप्त करेंसी आ गई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बैंकों में जरूरत के अनुसार करेंसी भेजी जा रही है। उम्मीद है कि दो-तीन दिनों में सभी बैंकों और एटीएम से रुपये मिलना शुरू हो जाएगा। आरबीआई ने कई सौ करोड़ करेंसी और भेजी है। संभावना है कि मंगलवार तक करेंसी पहुंच जाएगी। उक्त करेंसी के आने से स्थिति सामान्य हो जाएगी।