सोनभद्र। जिला अस्पताल परिसर स्थित कोविड केयर सेंटर एल वन में भर्ती कराने के लिए ले जाए जा रहे एक कोरोना मरीज की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। जबकि 27 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही संक्रमित मिले लोगों की संख्या 3320 हो गई है। पूर्व में संक्रमित लोगों में 25 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए। जिले में एक्टिव मामले 257 हो गए हैं।
चिकित्सकों की टीमें वृहस्पतिवार को भी रेंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों तथा कैंटेनमेंट जोन में रहने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने कुल 1790 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए। पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1775 लोगों की वृहस्पतिवार को रिपोर्ट भी आई। जिसमें 27 पाजिटिव और 1748 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 132674 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 131151 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 3320 पाजिटिव और 127831 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 1523 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को 27 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 257 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में से 13 की मौत सोनभद्र और 31 अन्य की मौत दूसरे जिलों में हुई है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पाजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।