कलेक्ट्रेट में मनरेगा मजदूरी की मांग को लेकर प्रदर्शन करते खडुई के श्रमिक।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। मनरेगा के तहत कार्य करने के बाद भी मजदूरी भुगतान न होने से आक्रोशित चतरा ब्लॉक के खडुई के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मजदूरी भुगतान किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा खडुई में वर्ष 2015 में मेन रोड से प्राथमिक विद्यालय से होते हुए लाल बहादुर सिंह के घर तक सड़क के लिए मिट्टी एवं मोरंग का कार्य मनरेगा के तहत मजदूरों से कराया गया। इसके बाद मजदूरों को आधी मजदूरी ही दी गई। आरोप है कि सरकारी धन का बंदरबाट कर लिया गया। तालाब खुदाई में काम करने वाले मजदूरों का भी भुगतान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में अब तक कराए गए विकास कार्यों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में पिंटू कुमार, संजय, बचऊ, राजाराम, बलिराम, राममूरत, दशमी प्रसाद, कुंती, प्रभावती, रमावती, उर्मिला, मनषा, हरसु, सुनर पासी, पूनम, शांति, सुरभीती आदि शामिल रहे।