रेणुकूट। क्षेत्र के निहाईपाथर गांव में मुर्द्धवा पेयजल परियोजना के तहत एक सप्ताह से आपूर्ति ठप है। इससे नाराज लोगों ने शनिवार दोपहर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
मुर्द्धवा पेयजल परियोजना से बीते एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। आए दिन जलापूर्ति ठप होने से उपभोक्ता परेशान हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि अक्सर तीन-चार दिनों तक आपूर्ति ठप होती रहती है। कुछ दिनों तक आपूर्ति सही चलती है और कुछ दिन बाद फिर से ठप हो जाती है। जल निगम के जिम्मेदार लोगों से शिकायत के बाद भी आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है। बीते कई दिनों से आपूर्ति ठप होने पर विवश होकर राधा कृष्ण मंदिर के सामने जाम लगाना पड़ा। उधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी गिरधारी सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इस संबंध में जल निगम के अवर अभियंता धर्मेंद्र यादव ने कहा कि निहाईपाथर के दुरूह क्षेत्रों से होते हुए जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई गई है। रास्ते में एक नाले के पास पाइप में लीकेज की वजह से कई जगहों पर आपूर्ति नहीं हो पा रही है। पाइप को ठीक करने का कार्य कुछ दिनों से चल रहा है, जिसकी वजह से पेयजल आपूर्ति बंद चल रही है। कहा कि पाइप की मरम्मत कराकर दो दिनों में आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।