फ्लोराइड प्रभावित मनबसा गांव में मंगलवार को पहुंचे कमिश्नर की हिदायतों के बावजूद मंगलवार को टैंकर से जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई। पंचायती राज विभाग लिखित निर्देशों का इंतजार करता रहा। हालांकि काफी समय से सतगड़इया में खराब एक आरओ प्लांट को दुरुस्त कराया गया।
भूजल में फ्लोराइड की अधिकता के चलते कोन, म्योरपुर, बभनी, दुद्धी ब्लॉक के गांवों में लोग बीमार हो रहे हैं। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। रविवार को डीएम बद्रीनाथ सिंह पड़रक्ष गांव पहुंचे थे।
उनके निर्देश पर ग्राम पंचायत की ओर से गांव में टैंकर से जलापूर्ति शुरू करा दी गई, लेकिन दुद्धी ब्लॉक के करमडाड़ ग्राम पंचायत के मनबसा गांव में मंगलवार को पानी नहीं पहुंचा, जबकि यहां टैंकर से पानी पहुंचाने का निर्देश मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने दिया था।
पंचायती राज विभाग इससे बेखबर रहा। ऐसे में लोगों को उन्हीं जल स्रोतों का पानी पीना पड़ा। एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव का कहना था कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। आदेश मिलने पर टैंकर से पानी पहुंचाया जाएगा।