रॉबर्ट्सगंजनगर में पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क पटरी की मरम्मत में अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। घटिया मरम्मत कार्य कराने वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है।
जल निगम की ओर से पेयजल योजना के तहत राबर्ट्सगंज नगर में करीब 96.01 करोड़ की लागत से पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसके लिए सड़क पटरी की खुदाई की गई है। 90 प्रतिशत पाइप लाइन डालने का काम हो चुका है। अब खोदी गई सड़क पटरी की मरम्मत में अनियमितता बरती जा रही है। गड्ढे में मिट्टी डालकर ऊपर से लेपन कार्य किया जा रहा है। शनिवार को स्थानीय लोगों ने वीडियो इसका वीडियो बनाया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सभासद नातिक असरफ समेत अन्य लोगों ने सड़क की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जब जल निगम के अवर अभियंता जनार्दन ने कहा कि नगर पालिका की सड़क की मरम्मत जल निगम करा रहा है। जिस सड़क का वीडियो वायरल हो रहा है उसकी मरम्मत कार्य पीडब्ल्यूडी करा रहा है। यदि कहीं जल निगम की तरफ से मरम्मत कराई गई सड़क की पटरी बैठती है तो उसकी मरम्मत कराई जाएगी।