सोनभद्र में लोगों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए म्योरपुर सब स्टेशन का घेराव किया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिले में बिजली बकाया वसूली के नाम पर हो रहा खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रम्पाकुरर का है। बिजली विभाग के कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने गुरुवार को म्योरपुर सब स्टेशन का घेराव किया। बड़ी तादाद में सब स्टेशन पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
घंटों हंगामे के बाद करीब एक बजे अवर अभियंता पहुंचे। इस दौरान उनसे ग्रामीणों ने रसीद मांगी मगर उन्होंने नहीं दी। इससे नाराज लोगों ने बभनी थाने में पहुंच कर तहरीर दी और बिजली विभाग पर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन करने वालों में गंगेश्वर, जगदेव, शिवमंगल, सुंदरी, हिराशाय, ननहकी, लल्लन, कृष्ण मुरारी, राजकेश्वर, इंद्रासो ने कहा बिना रसीद दिए ही विभाग के लोगों ने बिजली बिल माफ व हाफ करने के नाम पर मनमानी पैसा वसूल लिया। अवैध वसूली करने वाले अवर अभियंता समेत अन्य कर्मचारियों पर कार्यवाई की मांग की।